उरई। हमारी उम्मीद मिशन (हम) संगठन की ओर से रविवार को स्टेशन रोड स्थित बेरी वाले बाबा की मजार परिसर में संगठन का प्रथम स्थापना दिवस मनाया गया। इस दौरान बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। वक्ताओं ने शिक्षा का महत्व बताते हुए संस्था के किए जा रहे कार्य की सराहना की।
मुख्य अतिथि आरपीएफ इंस्पेक्टर मुकेश कुमार गुप्ता ने कहा कि संगठन जिस तरह गरीबों के बच्चों को पढ़ाने का काम कर रहा है। यह अच्छी पहल है। ऐसे लोगों को बढ़ावा दिया जाना चाहिए। उन्होंने अपनी ओर से संगठन को पूरी मदद का भरोसा दिया। हम संस्था की संस्थापिका अवंतिका तिवारी ने कहा कि उनके संगठन में कई स्कूली छात्र जुड़े हुए हैं। ये अपने बचे हुए समय में बच्चों को पढ़ाने का काम करते है।
यहां रोजाना सुबह नौ से साढ़े दस बजे तक ऐसे बच्चों को पढ़ाने का काम किया जाता है, जो आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के हैं और स्कूली शिक्षा से दूर हैं। ऐसे बच्चों को पढ़ाई संबंधी सामग्री तो दी ही जाती है, साथ ही वे रोजाना यहां पढ़ने आए, इसके लिए उन्हें कुछ न कुछ खाने पीने की भी सामग्री दी जाती है। इस समय 60 से 70 बच्चे रोजाना पढ़ने आते हैं। उनके माता-पिता भी अब अपने बच्चों को यहां पढ़ने के लिए भेजने लगते हैं।
विशिष्ट अतिथि सभासद लक्ष्मणदास बाबानी, चित्रकार रोहित विनायक ने टीम के कामों की सराहना की। रोहित ने एक छात्रा नीलम को गोद लेकर उसकी पढ़ाई लिखाई का जिम्मा लेने की बात कही। इस दौरान ध्रुव कुशवाहा, वैभव जैन, मानसी गुप्ता, सोनम सोनी, मोहम्मद मैराज, श्रेयांश गहोई, राहुल गौतम, श्रुति सेंगर, पूजा, निहाल, सोनाली शर्मा, प्रिया, प्रियंका, अमरेंद्र आदि मौजूद रहे। संचालन शिवम शमा व अंकित रावत ने की।