फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jalaun News: चारों नगर पालिकाओं में 10 फीसदी बढ़ा गृहकर, एक अप्रैल से लागू

Tue, 13 May 2025 12:12 AM IST
कानपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, जालौन
विज्ञापन
विज्ञापन
उरई। जिले की चारों नगर पालिकाओं में गृहकर 10 फीसदी तक बढ़ाया गया है। जालौन, कोंच और कालपी नगर पालिकाओं में पहले जिनसे 50 रुपये गृहकर लिया जाता था, अब उनसे लगभग 55 रुपये लिए जाएंगे। वहीं, उरई नगर पालिका ने छोटे मकानों का गृहकर एक हजार से डेढ़ हजार रुपये तक बढ़ाया है। एक अप्रैल से बढ़ा हुआ कर लिया जाएगा। इस बार मोहल्लों की सड़कों, सुविधाओं और बाजार क्षेत्र के अनुसार गृहकर लिया जाएगा।
विज्ञापन

वहीं, उरई में इस साल 3,560 नए घर कर के दायरे में आए हैं। फिलहाल, 49,900 घरों से कर लिया जा रहा है। अब भी 9000 से अधिक घर कर के दायरे से बाहर हैं, इन्हें दायरे में लाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
शासन के निर्देश पर पालिका ने गृहकर बढ़ाया है। बड़े मकानों या प्रमुख बाजारों में स्थित संपत्तियों पर टैक्स की दर अधिक होगी। बाजार क्षेत्रों में यह दर सामान्य रिहायशी क्षेत्रों की तुलना में 25 से 30 प्रतिशत ज्यादा रखी गई है।
विज्ञापन

नगर पालिका का कहना है कि टैक्स मोहल्ले की सुविधाओं और सड़कों की स्थिति के आधार पर तय किया गया है। न्यूनतम दर 1.10 रुपये प्रति वर्ग फीट और अधिकतम दर 3.30 रुपये प्रति वर्ग फीट रखी गई है। मुख्य बाजारों में जहां अब तक 1000 स्क्वायर फीट पर 500 रुपये कर लगता था, वहां अब 1000 से 1200 रुपये तक गृहकर वसूला जाएगा।

बढ़े गृहकर पर पालिका बोर्ड की बैठक में कई सभासदों ने विरोध दर्ज कराया था। उनका कहना था कि जब तक मोहल्लों की सुविधाएं दुरुस्त नहीं हो जातीं, तब तक टैक्स बढ़ाना अन्याय होगा, लेकिन बहुमत के आधार पर गृहकर बढ़ाने का प्रस्ताव पास कर दिया गया। नगर पालिका उरई के ईओ राम अचल कुरील ने कहा कि गृहकर की नई दरें शासन के निर्देशानुसार लागू की गई हैं। इस वर्ष हमारी वसूली रिकॉर्ड स्तर पर है। अब बकाया वसूली पर फोकस किया जा रहा है।

नगर पालिका की आय बढ़ाने की तैयारी कर अधीक्षक गणेश प्रसाद ने बताया कि नगर पालिका ने इस वर्ष अपने राजस्व में लक्ष्य से अधिक वसूली की है। इस वित्तीय वर्ष में कर और करेत्तर राजस्व का लक्ष्य 5.81 करोड़ रुपये रखा गया था, जबकि 8.40 करोड़ रुपये की वसूली हो चुकी है। पिछले वर्ष यही लक्ष्य था, लेकिन तब सिर्फ 5.87 करोड़ रुपये की वसूली हो पाई थी। इस साल भवन कर वसूली का लक्ष्य 1.17 करोड़ रुपये रखा गया था। इसके सापेक्ष पालिका 1.81 करोड़ रुपये की वसूली कर चुकी है।

व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर नहीं हुई सख्ती, करोड़ों बकाया

शहर में 85 गेस्ट हाउस पंजीकृत हैं, जिनमें से कुछ बंद हो चुके हैं। वर्तमान में 75 गेस्ट हाउस संचालित किए जा रहे हैं, लेकिन इनमें से 45 गेस्ट हाउसों से ही टैक्स लिया गया है। पालिका एक गेस्ट हाउस से 50 हजार से एक लाख रुपये तक की वसूली करती है, लेकिन अधिकांश गेस्ट हाउस कर जमा नहीं कर रहे हैं। नगर में 10 पैथोलॉजी लैब, 50 अस्पताल, गांधी मार्केट की 60 दुकानें और बिजलीघर कार्यालय पर करीब दो करोड़ रुपये का कर बकाया है। यदि बकाया कर वसूल लिया जाए तो पालिका की वित्तीय स्थिति मजबूत हो सकती है।

कर और करेत्तर राजस्व से हो रही आय

कर राजस्व

नगर पालिका विभिन्न प्रकार के कर वसूलती है। इसे नागरिकों और व्यावसायियों से अनिवार्य रूप से लिया जाता है। यह कर भवन, दुकान या किसी अन्य अचल संपत्ति, कचरा निस्तारण, सफाई, नगर पालिका क्षेत्र में व्यवसाय संचालन, नगर की सुविधाओं का उपयोग करने पर लिया जाता है। इसे राजस्व कर कहा जाता है।

करेत्तर राजस्व

यह वह आय होती है, जो नगर पालिका करों के अतिरिक्त अन्य स्रोतों से अर्जित करती है। यह कर लाइसेंस शुल्क, दुकानों, होटलों, ठेलों, निर्माण कार्यों, नगर के बाजारों, मंडियों, नगर पालिका की संपत्तियों (दुकानें, हॉल, मैदान) आदि से होने वाली आय, पॉलिथीन का उपयोग, अनाधिकृत निर्माण, अतिक्रमण या नियमों के उल्लंघन पर लगाया जाता है।

क्या कहा जालौन, कालपी और कोंच के राजस्व निरीक्षक ने

जालौन नगर पालिका में राजस्व निरीक्षक (आरआई) अनूप कुमार ने बताया कि गृहकर वृद्धि के बाद 30 दिन का समय दिया जाएगा। यदि किसी को आपत्ति हो, तो वह दर्ज करा सकता है। वहीं, कालपी नगर पालिका में आरआई रामभवन सिंह ने बताया कि अब तक 1000 वर्ग फुट क्षेत्र पर 280 रुपये कर लगता था। अब दूसरी मंजिल पर कर दोगुना और तीसरी मंजिल पर तीन गुना कर हो जाएगा। प्लॉट पर पहले लगभग 200 रुपये कर लगता था, अब 10 प्रतिशत तक वृद्धि की गई है। उधर, कोंच नगर पालिका में भी सुविधाओं के अनुसार 10 प्रतिशत कर वृद्धि की गई है। कर निरीक्षक सुनील कुमार ने बताया कि संकरी गलियों में कर की दर कम और चौड़ी गलियों में अधिक होगी। अब तक जिनसे 200 रुपये गृहकर लिया जाता था, उनसे अब 250 रुपये गृहकर लिया जाएगा।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें