कुठौंद। कूलर में उतरे करंट की चपेट में आकर किराना व्यापारी की मौत हो गई। व्यापारी की चीख सुनते ही घर की महिलाओं में चीख पुकार मच गई। आननफानन में परिजन उसे लेकर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
कस्बे के टावर मोहल्ले में ग्राम नकलपुरा निवासी किराना व्यापारी सतीश चतुर्वेदी (55) परिवार के साथ रहते हैं। बुधवार की सुबह कमरे के बाहर लगे कूलर में उनका पैर छू गया। हादसा होते ही उनके मुंह से चीख निकल पड़ी। इसके बाद सतीश अचेत होकर फर्श पर गिर पड़े। पत्नी पुष्पा देवी ने जैसे ही पति को देखा वह चीखते हुए घर के बाहर निकलकर मोहल्ले वालों को आवाज देने लगी। तब तक लड़का भी दूसरे कमरे में सो रहा था, वह भी आ गया। मोहल्ले वालों की मदद से उनको प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां पर डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया । जैसे ही अस्पताल से सतीश चतुर्वेदी का शव घर आया तो घर में कोहराम मच गया। सतीश के एक पुत्र हिमांशु व दो बेटियां हैं। दोनों बेटियों की शादी हो चुकी है। मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।