कान्हा गोशाला का निरीक्षण करते कालपी विधायक।
- फोटो : ORAI
कदौरा। अब गोशाला की आय बढ़ाने के लिए बागवानी की जाएगी, क्योंकि शासन द्वारा दी जा रही धनराशि से कर्मचारियों का वेतन पूरा नहीं हो पा रहा है। यह निर्णय कान्हा गौशाला में संचालन समिति की हुई प्रथम बैठक में कालपी विधायक की मौजूदगी में लिया गया।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अन्ना मवेशियों से किसानों को निजात दिलाने के लिए नगर के हाइवे पर कान्हा गोशाला का निर्माण कराया है। वर्तमान में गोशाला में 214 मवेशी बंद है। शासन एक सैकड़ा मवेशियों पर 70 मवेशियों का खर्च 30 रुपये प्रति मवेशी प्रतिदिन के हिसाब से नगर पंचायत को वहन कर रही है, वर्तमान में नगर पंचायत को शासन द्वारा 46 सौ रुपये प्रतिदिन के हिसाब से मिल रहा है, जबकि हाल में कान्हा गोशाला में 13 कर्मचारी नियुक्त हुए है, उनका वेतन व मवेशियों के खाने पीने की व्यवस्था उक्त धनराशि में पूरी नहीं हो पा रही है।
बुधवार को गोशाला में हुई समिति की बैठक में उपस्थित समिति के संरक्षक कालपी विधायक नरेंद्र सिंह जादौन ने आय का स्रोत बढ़ाने की बात कही, जिस पर अधिशासी अधिकारी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि गोशाला परिसर में पपीता करौंदा आदि के पौधे लगा कर बागवानी की जाएगी इससे आए का स्रोत बढ़ेगा। वहीं वातावरण भी स्वच्छ रहेगा। इसके बाद गौशाला में सौर ऊर्जा प्लांट सहित गोबर गैस का प्लांट भी लगाने का प्रस्ताव भी पास किया गया। इस मौके पर पशु चिकित्साधिकारी विपिन सचान, पशुधन प्रसार अधिकारी नितेश पटेरिया समिति सदस्य राजू राठौर, महेंद्र सिंह, जगत विश्वकर्मा, वेद प्रकाश पाठक अकील शाह रामबाबू सहित बड़ी संख्या में नगर पंचायत कर्मी व क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।