उरई। होलिका दहन चिह्नित स्थानों पर ही किया जाएगा। सभी संवेदनशील व अति संवेदनशील ठिकानों पर पुलिस का सख्त पहरा रहेगा। जिससे कोई भी त्योहार पर सौहार्द्र न बिगाड़ने पाए और त्योहार शांति पूर्वक संपन्न हो सके। इसके लिए शहर कोतवाली क्षेत्र में 110 स्थानों को चिह्नित कर लिया गया है। जहां होलिका दहन के समय पुलिस कर्मचारी तैनात रहेंगे व शांति पूर्वक होलिका दहन कराएंगे।
कोतवाली परिसर में सोमवार को शांति समिति की बैठक लेते हुए एसडीएम सत्येंद्र कुमार व कोतवाल शिवगोपाल वर्मा की मौजूदगी में हुई। जिसमें होली के त्योहार को लेकर स्थानीय संभ्रांत लोगों की मदद से शांति पूर्वक मनाए जाने की अपील की है। वहीं बैठक में कोतवाल शिव गोपाल वर्मा ने बताया कि शहर कोतवाली क्षेत्र में रामनगर, पाठक का बगीचा, गोपालगंज, पुलिस कालोनी, कोंच स्टैंड, उमरार खेरा, गांव मड़ोरा, कुइया, उसरगांव, गढ़न, बोहदपुरा, कुकरगांव, चकजगदेवपुर, जयपुरा, राहिया, रगेदा समेत 110 स्थानों पर होलिका दहन किया जाएगा। होलिका दहन के दौरान सभी स्थानों पर दरोगा व सिपाही तैनात रहेंगे।
वहीं अधिकारी भी पेट्रोलिंग करेंगे। इसके लिए होलिका दहन वाले स्थानों को चिह्नित कर लिया गया है। त्योहार पर उपद्रव व हुड़दंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिससे त्योहार शांतिपूर्वक संपन्न हो सके। वहीं शांति समिति की बैठक में गणमान्य लोगों से त्योहार पर शांति बनाए रखने को कहा गया। डीजे बजाकर अश्लीलता करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही। इस दौरान एसआई सुशील पाराशर, योगेश पाठक, जितेंद्र चंदेल, विनोद कुमार, सिपाही प्रदीप, रवि, बृजेंद्र भदौरिया समेत गांव क्षेत्र के ग्राम प्रधान व शहर के गणमान्य लोग मौजूद रहे।
उधर, थाना रेंढर में प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार मिश्रा ने क्षेत्रीय प्रधानों व ग्रामीणों के साथ पीस कमेटी की बैठक की और त्योहार पर शांति व कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कहा गया। वहीं चुर्खी थानाध्यक्ष अशोक वर्मा ने थाना परिसर में क्षेत्रीय लोगों के साथ शांति समिति की बैठक की और कहा कि क्षेत्र में किसी भी गड़बड़ी की सूचना मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें और आपसी सौहार्द के साथ त्योहार मनाएं।