माधौगढ़। तेज रफ्तार से आ रही एक कार ने बुंदेलखंड इंटर कॉलेज के पास छात्राओं को टक्कर मार दी। इससे क्षेत्र में अफरातफरी मच गई। गनीमत रही कि छात्राओं को मामूली चोट आईं थी। इस पर वह घर चली गईं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नैनो कार रामपुरा की ओर से तेज गति से आ रही थी। इसमें चालक सहित पांच लोग सवार थे। जैसे ही कार कॉलेज के पास पहुंची विद्यालय से निकल रही छात्राओं को उसने चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद एक छात्रा का स्कूल बैग कार के साथ कुछ दूरी तक घिसटता चला गया।
घटना के बाद कार अनियंत्रित होकर सिहारी चौराहे के पास बुढ़नपुरा निवासी सूरज पाल सिंह उर्फ छोटू की बाइक से जा टकराई, जिसके बाद वाहन रुक गया। स्थानीय दुकानदारों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने चालक विरिया निवासी वृजेश को पकड़ लिया और कार को कोतवाली में खड़ा कर दिया। कोतवाल अभिलाष मिश्रा ने बताया कि अभी तक किसी की ओर से तहरीर प्राप्त नहीं हुई है, फिर भी मामले की जांच की जा रही है। छात्राओं को मामूली चोट आई थी।