उरई। पति से विवाद के बाद नाराज चल रही पत्नी मायके में रह रही थी। इस पर पति ने उसे समझौते के लिए बुलाया और अभद्रता की। इसके बाद तीन बार तलाक तलाक तलाक बोल दिया। इतना सुन पत्नी के होश उड़ गए। वह अपने घर पहुंची और परिजनों को इसकी जानकारी दी। परिजनों के साथ पहुंची महिला ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्जकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला बल्लभ नगर निवासी महिला अनम बानो ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी। बताया कि उसकी शादी 23 फरवरी 2020 को जीटीवी नगर थाना करैली प्रयागराज के अनस के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही पति और ससुरालीजन अतिरिक्त दहेज की मांग कर उसे प्रताड़ित कर रहे थे। इसके चलते वह अपने मायके में रह रही थी।
इसके साथ ही उसने दहेज उत्पीड़न का मुकदमा भी उन पर दर्ज कराया था, जो न्यायालय में विचाराधीन है। महिला ने बताया कि उसका पति हमीरपुर न्यायालय में संविदा पर नौकरी करता है। ससुर देवर व पति अतिरिक्त दहेज की मांग कर उसे प्रताड़ित करते थे। 17 दिसंबर को पति अनस ने उसे समझौते के लिए उरई में बुलाया और मुकदमे में समझौते की बात करने लगा। इसके बाद उसने गालीगलौज करते हुए तीन बार तलाक बोल दिया। पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल करते हुए आरोपी पति अनस व आहद सहित तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्जकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।