जालौन जिले के माधौगढ़ में पहुज नदी के पुल के नीचे पानी में मानसिक रूप से कमजोर युवक को हैंड ग्रेनेड बम मिला। युवक पानी में पड़े सिक्के तलाशने नदी में उतरा था। मामले की जानकारी होते ही इलाके में हड़कंप मच गया।
सूचना पाकर सीओ शाहिदा नसरीन भी फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गई और बम को किसी तरह आबादी से दूर किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह का कहना है कि हैंड ग्रेनेड की स्थिति का पता लगाने के लिए झांसी से बम निरोधक दस्ता बुलाया गया है।
इसके अलावा एटीएस को भी जानकारी दी गई है। गोपालपुरा निवासी मानसिक रूप से कमजोर शिवकुमार ढीमर (38) गुरुवार की शाम घर के पास ही स्थित पहुच नदी में पुल के नीचे सिक्के तलाशने के लिए पानी में कूदा।
तभी उसके हाथ में एक भारी भरकम चीज मिली, जिसे लेकर वह नदी से बाहर आया। तो आसपास के लोगों ने शिवकुमार से उस संदिग्ध चीज को सड़क पर फेंकने के लिए कहा। इस पर शिवकुमार ने उस वस्तु को पुल के पास ही सड़क किनारे फेंक दिया।