ालौन में सुरक्षा गार्ड की बंदूक चलने से छर्रा लग जाने से चोटिल घासीराम
- फोटो : ORAI
जालौन। कोतवाली के फर्दनवीस मोहल्ले में रविवार सुबह बिजली चेकिंग के दौरान कुत्ते के झपट्टा मारने से सुरक्षा गार्ड की दोनाली बंदूक चल गई। अचानक हुए इस वाकये में एक युवक छर्रे लगने से जख्मी हो गया। घटना के बाद भीड़ जुटती देख टीम मौके से खिसक गई। जख्मी युवक ने कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस का कहना है, जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
बिजली विभाग की टीम एक्सईएन उमाशंकर राजपूत के नेतृत्व में सुबह 7 बजे से चेकिंग अभियान चला रही थी। साथ में संविदा पर रखा गया सुरक्षा गार्ड दोनाली बंदूक के साथ चल रहा था। टीम जैसे ही वीर बहादुर के मकान के पास पहुंची, तभी अचानक एक कुत्ते ने झपट्टा मार दिया। सुरक्षा गार्ड ने बंदूक की नाल से उसको हटाना चाहा, तभी लोडेड बंदूक से गोली चल गई। इसके छर्रे चुर्खीवाल मोहल्ले के घासीराम की नाक व पैर में लगे।
गोली चलने की आवाज पर लोगों की भीड़ जुटने लगी। इस पर बिजली विभाग की टीम वहां से चली गई। कोतवाली प्रभारी सुनील सिंह का कहना है कि गोली कैसे चली इसकी जांच की जा रही है। इसके बाद दोषी पर कार्रवाई की जाएगी। एक्सईएन उमाशंकर राजपूत ने भी कहा कि जांच की जा रही है। जिस समय गोली चली थी, वहां पर कोई नहीं था। टीम के लौटने के बाद जानकारी मिली कि किसी को छर्रे लगे हैं। उधर, जख्मी घासीराम को मोहल्ले वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां इलाज के बाद वह घर आ गया।
घटनास्थल पर जानकारी देते लोग- फोटो : ORAI