माधौगढ़। टैक्स चोरी की शिकायतों के बीच गुरुवार को झांसी जीएसटी के सहायक कर आयुक्त ने बड़ी कार्रवाई की। लग्जरी बस पर छापा मारा और बिना टैक्स लाई जा रही 10 बोरी कटी सुपाड़ी जब्त कर ली। यह बस अहमदाबाद से दिल्ली की ओर संचालित हो रही थी।
जानकारी के अनुसार माधौगढ़ से अहमदाबाद व दिल्ली के लिए कई प्राइवेट लग्जरी बसें चलती हैं। इनमें व्यापारी अक्सर बिना टैक्स चुकाए सामान मंगवाते हैं। शिकायतों के बाद सहायक कर अधिकारी रामानंद ने टीम के साथ बस की जांच की और उसमें अवैध रूप से लाई जा रही कटी सुपाड़ी मिली। कागजात मांगने पर संचालक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद बस को मंडी समिति परिसर में खड़ा करा दिया गया। कोतवाल विकेश बाबू ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।