जालौन। प्रदेश में भाजपा सरकार बनने से प्रदेश की जनता को गुंडों व अपराधियों से मुक्ति मिलेगी। मोदी ने प्रत्येक नागरिक को भारतवासी होने का गर्व दिया है। केंद्र सरकार द्वारा काले धन के खिलाफ की गई सर्जिकल स्ट्राइक से आतंकवाद पर अंकुश लगेगा। साथ ही भ्रष्टाचार व महंगाई से भी मुक्ति मिलेगी। प्रदेश की जनता सत्ता परिवर्तन की जिम्मेवारी ले, व्यवस्था परिवर्तन की जिम्मेदारी हम लेते हैं। ये बातें केंद्र सरकार में कैबिनेट मंत्री उमा भारती ने परिवर्तन यात्रा के दौरान बुधवार देर रात स्थानीय बस स्टैंड पर जनसभा में कहीं।
भाजपा की परिवर्तन यात्रा बुधवार देर शाम स्थानीय बस स्टैंड पर पहुंची। इसमें केंद्रीय जल संसाधन, नदी उत्थान, गंगा परियोजना मंत्री (कैबिनेट) उमा भारती ने गांधी स्मारक के पास बने मंच से जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार गुंडा व माफि या की सरकार है। चाचा, भतीजे व बुआ ने मिलकर प्रदेश को चौपट कर दिया है। उन्होंने कहा कि आप लोग सत्ता परिवर्तन की जिम्मेदारी लें। व्यवस्था परिवर्तन भाजपा की सरकार करेगी। लोग मोदी के बारे में कहते हैं कि उन्होंने क्या किया है। मोदी जी ने जन धन योजना, प्रधानमंत्री बीमा योजना, उज्ज्वला योजना आदि सहित अनेकों ऐसी योजनाएं संचालित कीं जिनका लाभ सीधा आम आदमी को मिल रहा है।