जालौन। किसानों के साथ प्रशासन के लिए परेशानी का सबब बने अन्ना मवेशियों की समस्या के समाधान के लिए समाजसेवियों ने प्रधानमंत्री को संबोधित सुझाव पत्र एसडीएम को सौंपकर जनप्रतिनिधियों व समाजसेवी संस्थाओं को गोवंश पालन के लिए लक्ष्य निर्धारित करने की मांग की है।
नगर के समाजसेवी मौलाना सुल्तान, नफीस, मुहम्मद माजिद, बलवान सिंह यादव, मुख्तार राइन, जहीर नदीम, अशफाक राईन ने प्रधानमंत्री को संबोधित सुझाव पत्र एसडीएम सुनील कुमार शुक्ला को सौंपकर बताया कि बुंदेलखंड के किसानों के लिए अन्ना जानवर शासन के तमाम प्रयासों के बाद भी समस्या बने हैं। समाजसेवियों ने प्रधानमंत्री को सुझाव देकर कहा कि सांसद, विधायक, स्वयंसेवी संस्थाएं, नगर पालिकाध्यक्ष, सभासद, प्रधान, बीडीसी व जिला पंचायत सदस्य समेत सभी जन प्रतिनिधियों को एक निश्चित संख्या में अन्ना जानवरों के पालन पोषण की जिम्मेदारी सौंपी जाए ताकि अन्ना जानवरों की समस्या का समाधान किया जा सके। यदि जनप्रतिनिधि अन्ना जानवरों की समस्या में सहयोग देंगे तो निश्चित है अन्य लोगों पर भी इसका सकारात्मक असर पड़ेगा।