कोंच। दुकानदार की अभद्र टिप्पणी से गुस्साई युवतियों ने जब विरोध किया तो दुकानदार की कुछ महिला रिश्तेदार झगड़े पर उतारू हो गईं। इसके बाद युवतियों और महिलाओं के बीच जमकर मारपीट हुई। जिससे बाजार में कुछ देर के लिए अफरातफरी मच गई। सूचना पाकर पुलिस पहुंची और महिला सिपाहियों की मदद से दोनों पक्ष की महिलाओं व युवतियों को लेकर थाने आ गई। कोतवाल इमरान खान का कहना है कि दोनों पक्षों से तहरीर लेकर मामला दर्ज किया जा रहा है।
रेलवे क्रॉसिंग के समीप राहुल नामक एक युवक अपनी छोटी से दुकान रखे है। दुकान के सामने से निकल रहीं युवतियों का आरोप है कि राहुल ने उन पर अभद्र टिप्पणी की। जिस पर उन्होंने विरोध जताया। कुछ ही देर में राहुल की ओर से कुछ महिला रिश्तेदार भी आ गई और बाजार में ही अचानक हमलावर होकर मारपीट करने लगी। इसके बाद युवतियों व महिलाओं में जमकर मारपीट हो गई। सूचना पर कोतवाली के दरोगा राकेश शुक्ला पुलिस बल के साथ पहुंचे और दोनों पक्षों को लेकर कोतवाली आ गए। महिलाओं ने युवतियों पर गालीगलौज और मारपीट के साथ कान का टॉप्स लूटने का आरोप भी लगाया है। युवतियों ने दुकानदार युवक पर छींटाकशी का आरोप लगाकर मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों से तहरीर लेकर मामला दर्ज किया जाएगा।