जालौन। पहलगाम में हुए आतंकी हमले में निर्दाेष भारतीयों की हत्या से नगरवासियों में आक्रोश है। इस घटना के विरोध में गल्ला व्यापार कल्याण समिति के आह्वान पर गल्ला मंडी में व्यापार ठप रहा। गल्ला व्यापारियों ने श्रद्धांजलि सभा का आयोजन राधाकृष्ण मंदिर के पास किया। इसके बाद व्यापारी मंदिर परिसर से आतंकवाद विरोधी पुतला लेकर गल्ला मंडी गेट पर पहुंचे। वहां आतंकवाद व पाकिस्तान के विरोध में नारेबाजी की और पुतला फूंका।
गल्ला व्यापार कल्याण समिति के तत्वावधान में आयोजित श्रद्धांजलि सभा की शुरुआत दो मिनट के मौन व्रत के साथ हुई। इसमें उपस्थित गल्ला व्यापारियों ने गहरी संवेदना प्रकट की। सभा में समिति अध्यक्ष प्रेमदास गुप्ता ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए केंद्र सरकार से मांग की कि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए प्रभावी रणनीति तैयार की जाए। पुष्पेंद्र सेंगर ने कहा हमें आतंकवाद के खिलाफ दृढ़ता से खड़े होना होगा और इसका समूल नाश करना होगा। मोहन कुशवाहा, भूरे मामा, नरेश अग्रवाल, शिवशंकर सिंह, नरेश गुप्त, शाहिद मंसूरी, मुनेद्र गुर्जर, रामू गुप्ता, अशोक गुप्ता, आत्माराम पांडेय, मोहन कुशवाहा, विशाल राठौर, अंशुल सक्सेना, गौरव गुर्जर, लालू गुप्ता, महेंद्र द्विवेदी, राजू राठौर, सौरभ अग्रवाल मौजूद रहे।