उरई। शहर की तुलसी बिहार कॉलोनी में संचालित एक चिटफंड कंपनी के संचालक, उसके पुत्र समेत चार लोगों के खिलाफ निवेशकों से लाखों रुपये की ठगी करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कराई है। आरोपियों पर लोगों को झांसा देकर निवेश कराने और रकम वापस मांगने पर धमकाने का भी आरोप है।
पीड़ित पुष्पा राठौर, इकबाल खान, अब्दुल फहीम, रामजी द्विवेदी, अंकिता श्रीवास्तव समेत कई लोगों के एसपी से शिकायत की थी कि तुलसी बिहार कॉलोनी निवासी शैलेंद्र यादव ने अपने पुत्र रोबिन यादव के साथ मिलकर करीब दो वर्ष पहले एक चिटफंड कंपनी शुरू की थी। लोगों का विश्वास जीतने के लिए अलग-अलग बैंकों की 12 हजार रुपये से लेकर एक लाख रुपये तक की चेकें दी गईं। इसके बाद कई लोगों ने अपनी जमा पूंजी कंपनी में निवेश कर दी।
निवेशकों का आरोप है कि समय पूरा होने पर जब उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी तो संचालक टालमटोल करने लगा। विरोध करने पर उसके गुर्गों ने बंदूक दिखाकर धमकाया और भगा दिया।
पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह से शिकायत के बाद मामले की जांच कराई गई। जांच में आरोप सही पाए जाने पर राजेंद्र नगर निवासी पुष्पा राठौर की तहरीर पर शैलेंद्र यादव, रोबिन यादव, नसरुद्दीन और कुलदीप यादव के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।