जालौन। पेट्रोल पंप पर कार्यरत मैनेजर पर लगभग पौने तीन लाख रुपये की रकम धोखाधड़ी कर निकालने का आरोप है। मलिक ने बताया कि मांगने पर कुछ दिनों में पैसा लौटाने का वादा किया। रुपये न मिलने पर पेट्रोल पंप संचालक ने मैनेजर के खिलाफ धोखाधड़ी कर रुपये निकाल लेने की प्राथमिकी दर्ज कराई है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम लौना निवासी ऋषि सिंह ने पुलिस को बताया कि उनकी मां के नाम से लौना सड़क पर पेट्रोल पंप संचालित है। इस पेट्रोल पंप पर करीब ढाई वर्ष से कैंथ गांव निवासी प्रमोद कुमार मैनेजर के रूप में काम कर रहे हैं। पंप के आय व्यय का पूरा ब्योरा मैनेजर के पास ही रहता था। बीती 13 जनवरी को वह पेट्रोल पंप पहुंचे और वहां हिसाब का मिलान किया तो 2,07,788 रुपये का हिसाब कम मिला। जब इसके बारे में मैनेजर से जानकारी की तो उसने उधारी की बात कही। उन्होंने उधारी की लिस्ट तैयार कराई और मैनेजर के सामने ही उनसे फोन पर संपर्क किया। जिस पर सभी लोगों ने बताया कि उनकी कोई उधारी नहीं है और उन्होंने पूरा पेमेंट कर दिया है। मैनेजर ने स्वीकार किया कि रुपये उसने ले लिए हैं। उसने लिखकर दिया कि इन रुपयों को वह एक सप्ताह में वापस कर देगा। इसके बाद भी उसने रुपये नहीं दिए बल्कि बराबर बहाने बना रहा है। पेट्रोल पंप संचालक की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी मैनेजर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।