कल्याण सिंह (1932 - 2021): पूर्व मुख्यमंत्री के साथ जालौन जिले के भाजपा नेता
- फोटो : अमर उजाला
वरिष्ठ भाजपा नेताओं की आंखों के सामने 32 साल पुरानी वो तस्वीरें तैरनी लगी जब पूर्व मुख्यमंत्री रामभक्तों में जोश भरने आये थे। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं वर्तमान में ललितपुर प्रभारी नागेंद्र गुप्ता ने बताया कि जुलाई 1989 में जब राम मंदिर आंदोलन चरम पर था। हर हिंदू खासकर युवा मंदिर आंदोलन में बढ़चढ़कर हिस्सा ले रहा था। उस वक्त कल्याण सिंह की सभा शहर के टाउनहाल में आयोजित हुई थी। भाजपा के पूर्व मंत्री बाबूराम दादा उस वक्त नगर पालिका चेयरमैन थे और तत्कालीन भाजपा जिलाध्यक्ष के.के पालीवाल थे।
दोनों नेताओं की अपील पर रामभक्तों की भारी भीड़ टाउन हाल में जुटीं थीं। जिसे देखकर कल्याण सिंह भी काफी प्रसन्न हुए थे। युवाओं को उत्साह भरते हुए जब उन्होंने राम मंदिर निर्माण का संकल्प लिया तो समूचा टाउनहाल परिसर जय-जयश्रीराम के अलावा कल्याण सिंह जिंदाबाद के नारों से गूंज उठा था।
राम मंदिर आंदोलन के अलावा भी जिले के नेताओं की पूर्व मुख्यमंत्री से काफी करीबी थी। जब भी उनका झांसी आना जाना होता था तो उनके स्वागत के लिए उरई में भी पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं की भीड़ लगी रहती थी। उनके निधन पर भाजपाई स्तब्ध रह गए। उनका कहना है कि पार्टी ने एक पुराना जुझारू नेता खो दिया है। उनकी भरपाई आसान नहीं होगी।