वीर अब्दुल हमीद सामाजिक समिति की ओर से टाउन हाल मैदान में आयोजित सर्व
समाज सामूहिक विवाह सम्मेलन में सोमवार को 60 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंध
गए। कार्यक्रम में एक ही पंडाल में हिंदू व मुस्लिम जोड़ों की शादी कराई
गई। इनमें 41 हिंदू जोड़ों ने सात फेरे व 19 मुस्लिम जोड़ों ने कबूल है
कहकर अपना जीवन साथी चुना। सरकार के
काबीना मंत्री आजम खान ने नवविवाहितों
के सुखी वैवाहिक जीवन के लिए दुआएं दीं। सामूहिक शादी समारोह गंगा-जमुनी
तहजीब पर केंद्रित रहा। कार्यक्रम की शुरुआत बारात की अगवानी से की गई।
कार्यक्रम संयोजक व पूरी टीम ने बारातियों और जनातियों का जोरदार स्वागत
किया। कार्यक्रम में काबीना मंत्री आजम खां, पूर्व मंत्री इकबाल कादरी,
सदर
विधायक दयाशंकर वर्मा, पूर्व सांसद घनश्याम अनुरागी, सपा जिलाध्यक्ष चौधरी
धीरेंद्र यादव का भी स्वागत किया गया। इसके बाद वैवाहिक रस्मों को पूरा
किया गया। लाल सुर्ख जोड़े में सजी वधुएं जब एक साथ मंच पर पहुंची तो पुष्प
वर्षा कर स्वागत किया गया। इसके बाद सबसे पहले वधुओं ने वर को जयमाला
पहनाई और फिर पंडाल में ही सजे
मंडप के नीचे सात फेरे लेकर वैवाहिक जीवन
में प्रवेश किया। दूसरी तरफ पंडाल में 19 मुस्लिम जोड़ों ने निकाह कबूल
किया। इस दौरान कार्यक्रम के मुख्य अतिथि काबीना मंत्री आजम खान ने 41
जोड़ों को शुभाशीष दिया। वहीं 19 जोड़ों को सलामी दी। इस मौके पर आजम
खान ने कहा कि ऐसे आयोजन हिंदू मुस्लिम एकता को बल देते हैं और यह उन
लोगों
के लिए सीख है जो दोनों समुदाय को तोड़ने का कुचक्र रच रहे हैं। उन्होंने
कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार ने धरातल पर काम किया है। हमारी सरकार ने
पत्थर लगाने के बजाए विकास कराने पर ज्यादा जोर दिया है। यही वजह है कि
प्रदेश आज उत्तम प्रदेश बन रहा है। उन्होंने मंच से ही नगर पंचायत और नगर
पालिकाओं को इशारे-इशारे में ही
काम पर ध्यान देने को कहा। पूर्व मंत्री
इकबाल कादरी ने भी आयोजकों को धन्यवाद दिया और कहा कि उन्होंने समाज को एक
संदेश देने का काम किया है। सभी वक्ताओं का जोर सामूहिक शादी पर रहा और कहा
कि ऐसे आयोजन से फिजूलखर्ची पर रोक लगती है। कार्यक्रम संयोजक हमीद शाह
कादरी की ओर से उपहार भेंट कर वधुओं को विदा किया
गया। इस दौरान बुंदेली
विदाई गीत भी गाये गए। कार्यक्रम में इलाहाबाद यूनिवर्सिटी के पूर्व छात्र
संघ अध्यक्ष भूपेंद्र यादव, कोषाध्यक्ष राजीव शर्मा, लोहिया वाहिनी के
जिलाध्यक्ष इमरान उल्ला, जमालुद्दीन पप्पू, चांद खां, साबिर मिर्जा बेग,
रजा खान, गरिमा पाठक, धीरेंद्र अग्रवाल, सुनील शिवहरे आदि मौजूद रहे।