जालौन में गौशाला का निरीक्षण करते एसडीएम
- फोटो : ORAI
जालौन। गोशालाओं में गायों के मरने की घटनाओं पर प्रशासनिक अधिकारी सतर्क हो गए हैं। गुरुवार को एसडीएम ने आधा दर्जन गांवों में संचालित गोशालाओं का निरीक्षण किया। खामियां मिलने पर जिम्मेदारों की जमकर फटकार लगाई व जन सहयोग से गायों के खाने व ठंड से बचाव की व्यवस्था कराई।
एसडीएम सुनील कुमार शुक्ला गोशालाओं में सर्दी से बचाव के इंतजामों की हकीकत जानने के लिए ग्राम सिहारी चेलापुर, पीपरी अठगइया, नौरेजपुर, छानी अहीर गांव में स्थित गोशालाओं में निरीक्षण के लिए पहुंचे। छानी अहीर की गोशाला में 50 जानवर मिले जिनके खाने, पीने तक की व्यवस्था नहीं थी। इस पर एसडीएम ने प्रधान व सचिव की लापरवाही पर फटकार लगाते हुए व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। ग्रामीणों से बात कर गोशाला के संचालन में सहयोग करने की अपील की।
पीपरी अठगईया में 150 व सिहारी चैलापुर में 34 गायें गोशाला में मिलीं। गोशालाओं में जानवरों के खाने पीने की समुचित व्यवस्था न होने एवं ठंड से बचाव के लिए अलाव व झूल की व्यवस्था न होने पर कोटेदार, सचिव व प्रधानों को निर्देश दिए कि वह लोगों से सहयोग लेकर सभी इंतजाम करें। गोशालाओं के संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। एसडीएम की अपील पर गांव के श्याम सिंह, करन सिंह, गजेंद्र सिंह, राजबहादुर, यदुवीर ने गोशाला के लिए भूसा दान देने की बात कही।