कदौरा पुलिस गिरफ्त में लूट के आरोपी
- फोटो : ORAI
कदौरा। कदौरा पुलिस को तब बड़ी सफ लता मिली, जब लूट की योजना बना रहे पांच बदमाशों को पुलिस ने पकड़ लिया, तलाशी लेने पर दो तमंचे, चार जिंदा कारतूस व ताला तोड़ने वाले औजार बरामद हुए। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि सभी शातिर अपराधी हैं और कई बार ट्रकों से लूटपाट कर चुके हैं।
गुरुवार रात प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह को सूचना मिली कि पंडौरा पुलिया के पास आधा दर्जन बदमाश ट्रकों से लूट करने की फिराक में हैं। तब प्रभारी निरीक्षक ने पुलिस की दो टीमें बनाईं और उक्त स्थान पर दबिश दी। उक्त बदमाश पुलिस को देख कर भागने लगे, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया।
पूछताछ में युवकों ने अपने नाम कल्लू उर्फ हुकुम सिंह, राहुल सिंह उर्फ बड़े भइया निवासी भेड़ी खुर्द थाना कदौरा, छोटे शुक्ला निवासी खुटमुली थाना कदौरा, संदीप कुमार व रोहित यादव निवासी मोहल्ला सीर कस्बा कदौरा बताया। प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह ने बताया कि तलाशी लेने पर कल्लू व छोटे के पास से दो अवैध तमंचे 315 बोर व चार जिंदा कारतूस सहित एक सरिया व कटर व अन्य सामान बरामद हुआ है। सभी पर मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया।