मकान मालिक व किराएदार के बीच हुई कहासुनी के बाद किराएदार ने अपने साथियों के साथ मकान मालिक के घर पर हमला कर दिया और कई राउंड गोलियां चलाई। फायरिंग से मोहल्ले में भगदड़ मच गई। इसके बाद हमलावराें ने घर के बाहर खड़े वाहन भी क्षतिग्रस्त कर दिए। फायरिंग की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी भाग निकले। पुलिस ने मौके से कारतूस के खोखे बरामद किए। पीड़ित की तहरीर पर आरोपियाें के खिलाफ कार्रवाई की है।
शहर के मोहल्ला नयारामनगर निवासी सोनू मिश्र ने बताया कि उसके चाचा राम विहारी के मकान में चंदन सोनी किराए पर रहता हैं। किराए को लेकर चाचा व चंदन के बीच विवाद हुआ था। बीच बचाव के बाद चंदन का गुस्सा शांत नहीं हुआ और वह बुधवार देर रात करीब दस बजे अपने साथी सुरेश गौर व उनके पुत्र अभय गौर को बुला लाया। घर पहुंचने पर उसने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उक्त लोगों ने फायरिंग कर दी।
इस पर राम विहारी ने किसी तरह भागकर जान बचाई। राम विहारी परिजनों के साथ आने मकान में छिपे रहे और बाहर मौजूद हमलावरों ने कई राउंड फायरिंग की। जिससे मोहल्ले के लोग घरों से बाहर नहीं निकले। राहगीरों में भगदड़ मच गई। इसके बाद हमलावराें ने घर के बाहर रखी स्कूटी क्षतिग्रस्त करते हुए अन्य वाहन भी तोड़ दिए। फायरिंग से मोहल्ले में दहशत फैल गई। सूचना पाकर सीओ जंगबहादुर सिंह, कोतवाल आलोक सक्सेना मौके पर पहुंचे, लेकिन पुलिस आने से पहले ही हमलावर भाग निकले। मौके पर पहुंची पुलिस ने मौके से कारतूस के खोखे बरामद किए। पुलिस ने सोनू की तहरीर पर आरोपी सुरेश गौर उसके पुत्र अभय गौर व चंदन सोनी के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है।