आसमान से बरसती आग आम लोगों की मुश्किलें बढ़ाए हुए हैं। हालात यह है कि भीषण गर्मी के चलते आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। लोग रोजमर्रा के काम निपटाने के लिए भी बहुत ही कम घर से बाहर निकल रहे हैं। इससे बाजार में भी सन्नाटा पसरा हुआ है। करीब एक सप्ताह से गर्मी अपने चरम पर है। मंगलवार को भी न्यूनतम तापमान 29.5 डिग्री
और अधिकतम 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह सात बजे से ही गर्मी ने अपना प्रकोप दिखाना शुरू कर दिया था। दोपहर के वक्त गन्ना व आम के जूस की दुकानों पर अधिक भीड़ देखने को मिली। शाम को पांच बजे के बाद गर्मी के तेवर कुछ ढीले पड़े तब जाकर बाजार की रंगत वापस लौटी।
ऐसे करें बचाव
विशेषज्ञों की राय है कि भीषण गर्मी में घर से बाहर निकलते वक्त अपना चेहरा व कान ढककर ही निकलें। इससे लू लगने की संभावना बहुत ही कम रहती है। संभव हो तो हाथों को भी ढकें। इसके अलावा पानी अधिक मात्रा में पिएं और मौसमी फल खाएं।
इनसे करें परहेज
जिला अस्पताल के डा.विनय अग्रवाल ने मुताबिक गर्मी के मौसम में बाहरी चीजों के खान-पान पर नियंत्रण रखें। खुले में रखे खाद्य पदार्थ न खाएं। दुकानों पर रखी कटी हुई सब्जियां व फलों का उपयोग भी न करें। तेलीय पदार्थों की अधिकता से परहेज करें।