उरई। तकनीकी सहायक के घर में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। कमरे से धुआं निकलता देख पुत्रवधू ने शोर मचाया तो मोहल्ले के लोग दौड़े और दमकल को सूचना दी। टीम जब तक वहां पहुंची तब तक पड़ोसियों ने आग बुझा दी थी। आग से घर में रखा लाखों का सामान जल गया।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला पटेल नगर निवासी रमेश चंद्र वर्मा कदौरा ब्लाक में तकनीकी सहायक के पद पर तैनात हैं। सोमवार को वह परिजनों के साथ झांसी के एक गांव में आयोजित शादी में शामिल होने जा रहे थे। जबकि घर पर उनकी पुत्र वधू जया व बेटा जितेंद्र थे। रात में करीब 9 बजे अचानक शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। जब कमरे से जया ने धुआं उठता देखा तो उसने पति को जानकारी देते हुए शोर मचाया।
आवाज सुन मोहल्ले के लोग भी आ गए और उन्होंने आग बुझाने का प्रयास किया। सूचना पर पहुंची दमकल टीम भी मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आग बुझ चुकी थी। जानकारी पर मकान गृहस्वामी रमेश चंद्र वर्मा भी लौट आए उन्होंने बताया कि आग से उनका टीवी, एसी, वाशिंग मशीन, कंप्यूटर सहित करीब सात से आठ लाख का नुकसान हुआ है।