आटा। लीकेज सिलिंडर में आग लग गई। खाना बना रही महिला ने जब आग लगी देखी तो शोर मचाते हुए घर से बाहर भागी। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह जलता सिलिंडर उठाकर तालाब में फेंक दिया। तब तक बाइक व गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया।
आटा थाना क्षेत्र के तगारेपुर गांव निवासी परचून दुकानदार बालकराम की पत्नी विजयश्री शुक्रवार सुबह खाना बना रही थीं, तभी लीकेज सिलिंडर में आग लग गई। आग लगी देख महिला ने बाहर निकलकर शोर मचाया तो आसपास के लोगों ने सिलिंडर उठाकर तालाब में फेंक दिया। लेकिन तब तक आग की लपटों ने पूरा घर चपेट में ले लिया।
ग्रामीणों ने दमकल को सूचना देकर आसपास लगे हैंडपंपों व सबमर्सिबल पंप से पानी डालकर आग पर काबू पाया। जब दमकल टीम पहुंची तब तक आग बुझ चुकी थी। गृहस्वामी बालक राम ने बताया कि आग से बाइक, सिलाई मशीन, चार क्विंटल गेहूं, एक क्विंटल मटर, एक क्विंटल लाही व गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। आग से उसका करीब डेढ़ लाख रुपये का नुकसान हुआ है। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और जांच पड़ताल की। पीड़ित ने प्रशासन से मुआवजे की गुहार लगाई है।