आटा। थाना क्षेत्र के संदी गांव में पुरानी रंजिश को लेकर बुधवार शाम दबंगों ने घर में घुसकर पिता-पुत्र पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने हैंडपंप के लोहे के पाइप से दोनों की पिटाई की। हमले में पिता का सिर फट गया, जबकि पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया। पीआरवी पुलिस ने दोनों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया।
गांव निवासी अरुण कुमार बुधवार शाम करीब चार बजे अपने पुत्र सत्यम के साथ घर में खाना खा रहे थे। मोहल्ले के दिलीपथ और उसका भाई घर में घुस आए। पुरानी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी। देखते ही देखते गाली-गलौज के बाद मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि इसी दौरान दिलीपथ ने हैंडपंप का लोहे का पाइप उठाकर अरुण और सत्यम पर हमला कर दिया। पाइप के प्रहार से अरुण का सिर फट गया, जबकि सत्यम जमीन पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
बताया गया कि मंगलवार रात भी दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था, जिसे बाद में सुलझा लिया गया था। इसके बावजूद बुधवार को फिर मारपीट हो गई। थानाध्यक्ष अभिलाष मिश्रा ने बताया कि दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया है। अभी किसी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।