उरई। मध्य प्रदेश की सीमा से सटे महोई गांव के पास सोमवार देर शाम हुए भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत के मामले में पुलिस ने कार चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मृतक नृपेंद्र सिंह के भाई रविंद्र सिंह निवासी नया रामनगर उरई ने तहरीर देकर कार चालक पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाया है।
तहरीर के मुताबिक, सोमवार देर शाम लिफ्ट कैनाल के सामने कार और बाइक की भिड़ंत हो गई थी। टक्कर के बाद दोनों वाहन सड़क किनारे पानी से भरे गड्ढे में जा गिरे। हादसे के बाद कार सवार किसी तरह बाहर निकलकर मौके से भाग गए। वहीं बाइक सवार नृपेंद्र सिंह (32), उनके भतीजे पार्थ (18) और तीन वर्षीय मानवी की मौके पर ही मौत हो गई थी। गंभीर रूप से घायल मानवी की मां आरती वर्मा (30) ने मेडिकल कॉलेज उरई में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया था।
बताया गया कि नृपेंद्र और पार्थ भाई दूज पर टीका कराने के लिए लहार जा रहे थे। रास्ते में पुरानी परिचित आरती और उसकी बेटी मिलीं तो उन्हें भी बाइक पर बैठा लिया था। आरती बरुआसागर से उरई टीका कराने जा रही थी। पुलिस ने सत्यम सिंह राजावत निवासी सुंदरपुरा थाना लहार, मध्य प्रदेश के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।