कालपी। भाकियू की मासिक पंचायत गल्ला मंडी में किसान नेता उदय सिंह की अध्यक्षता में हुई। इस दौरान किसानों ने छुट्टा मवेशियों के फसलें चरने, नहर न चलने समेत अन्य मांगें उठाईं।
संगठन के तहसील अध्यक्ष अजय सिंह ने कहा कि किसानों की समस्याओं के प्रति शासन कोई रुचि नहीं दिखा रहा है। इससे किसानों की दिक्कतें बढ़ गई है। बैठक के बाद किसानों के प्रतिनिधिमंडल ने उपजिलाधिकारी केके सिंह को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया कि अन्ना पशुओं की धमाचौकड़ी से शहीद नगर, करमचंदपुर आदि गांवों के किसान परेशान हैं, इन पर लगाम लगाई जाए।
वहीं, सिंचाई के लिए हमीरपुर तरसौर रजबहा की नहरों को फुल गेज से चलाने की मांग की। इसके अलावा जर्जर विद्युत तारों को ठीक कराने, राजकीय बीज केंद्रों में उन्नतशील बीज व कीटनाशक दवाइयां उपलब्ध कराने की मांग की गई। इस मौके पर सुरेश सिंह चौहान जितेंद्र सिंह, श्यामबाबू, सीताराम कुशवाहा, बीरपाल, अमित प्रकाश जयराम कुशवाहा बाबूराम डॉक्टर सुरेश सहदेव, योगेश चंद्र राजन सिंह प्रमुख रूप से मौजूद रहे।