उरई/आटा। शादी समारोह में शामिल होकर गांव लौट रहे किसान की बाइक में वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार पिता-पुत्र समेत तीन लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। राहगीरों ने पुलिस को हादसे की सूचना दी। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां घायल किसान को मृत घोषित कर दिया। जबकि घायल किशोर व अन्य व्यक्ति को कानपुर रेफर कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर परिजनों को जानकारी दी। बाइक चला रहा व्यक्ति हेलमेट लगाए था।
आटा थानाक्षेत्र के परा गांव निवासी किसान रामशरण (48) गांव के ही मूलचरण (48) व उसके 12 वर्षीय पुत्र मनोज के साथ रविवार देर शाम बाइक से कालपी में रिश्तेदार की शादी समारोह में शामिल होने गए थे। देर रात जब वह घर लौट रहे थे, तभी कालपी कोतवाली क्षेत्र के छौंक बाईपास के पास अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर से बाइक सवार तीनों लोग उछलकर सड़क पर गिर कर गंभीर रुप से घायल हो गए।
राहगीरों ने घायलों को सड़क पर पड़े देखकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तीनों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा। यहां डाक्टरों ने रामशरण को मृत घोषित कर दिया। जबकि घायल-पिता पुत्र को प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर रेफर कर दिया। वहीं हादसे की सूचना पाकर बदहवास परिजन जिला अस्पताल पहुंचे। परिजनों ने बताया कि मृतक रामशरण खेती-किसानी करते थे। दो भाई व तीन बहनों में सबसे छोटे थे। उनके दो पुत्र व चार पुत्रियां है। घटना से पत्नी राजकुमार और अन्य परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।