कुठौंद। खेत में पानी लगा रहे किसान पर नशे में धुत युवक ने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों को जब जानकारी हुई तो वह उसे अस्पताल ले गए। पुलिस ने आरोपी युवक को जंगल से गिरफ्तार कर कुल्हाड़ी बरामद कर ली।
कुठौंद थाना क्षेत्र के सलेमपुर निवासी सुरेंद्र कुमार दोहरे मंगलवार को खेतों में पानी लगा रहे थे। तभी गांव का ही दीपक शुक्ला शराब के नशे में धुत होकर कुल्हाड़ी लेकर आया और उनकी गर्दन पर पीछे से हमला कर दिया। इससे वह जमीन पर गिरकर लहूलुहान हो गया। जानकारी होने पर परिजन उसे सीएचसी कुठौंद ले गए। जहां से किसान को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को जंगल से गिरफ्तार कर लिया। प्रभारी थानाध्यक्ष सुजीत कुमार मिश्रा ने बताया कि आरोपी ने पहले किसी बात पर गालीगलौज की, उसके बाद हमला बोल दिया। आरोपी पहले भी जेल जा चुका है। अभी तहरीर नहीं आई है। तहरीर आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।