खेत तालाब योजना के बारे में जानकारी देते अफसर।
- फोटो : अमर उजाला
वर्षा जल संचयन के लिए खेत तालाब योजना को सरकार ने एक बार फिर से शुरू किया है। बुधवार को कृषि एवं कृषि शिक्षा अनुसंधान के राज्य सलाहकार डा. रमेश यादव ने भूमि पूजन कर डकोर ब्लाक के टिमरो गांव के किसान के खेत से योजना का शुभारंभ किया। इस मौके पर आयोजित गोष्ठी में किसानों को योजना के फायदे बताए गए। कहा गया कि खेत का पानी
खेत में रहेगा तो फसल अच्छी होगी। वर्ष 2016-17 के लिए खेत तालाब योजना में 250 तालाब खुदवाए जाने का लक्ष्य है। योजना का बुधवार को उद्घाटन किया गया। डकोर ब्लाक के टिमरो गांव निवासी किसान हरचरन त्रिपाठी के खेत में तालाब खुदवाने की शुरुआत मुख्य अतिथि कृषि एवं कृषि शिक्षा अनुसंधान के राज्य सलाहकार डा. रमेश यादव व विशिष्ट अतिथि
कृषि निदेशक मुकेश श्रीवास्तव ने भूमि पूजन करके की। इस मौके पर हुई किसान गोष्ठी में मुख्य अतिथि ने कहा कि किसानों को बरसाती पानी का संचयन करना होगा तभी उन्हें रबी फसल के लिए भरपूर पानी मिल सकेगा। यह योजना किसानों के लिए लाभकारी होगी। कृषि निदेशक ने कहा कि किसानों को अपने खेत में तालाब खुदवाने के लिए 50 फीसदी अनुदान
भी दिया जा रहा है। मतलब 52500 रुपये कृषक अंश जमा होगा और इतना ही अनुदान मिलेगा। भूमि संरक्षण अधिकारी रामकिशोर ने बताया कि 22 मीटर लंबाई, 20 मीटर चौड़ाई और तीन मीटर गहराई के तालाब की खुदाई की जाएगी। किसान के पास एक हेक्टेयर जमीन होनी चाहिए। उप कृषि निदेशक अनिल कुमार पाठक ने भी किसानों को बीज आदि की
जानकारी दी। इस मौके पर भाकियू के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बलराम सिंह लंबरदार, मंडलीय अध्यक्ष राजवीर सिंह जादौन के अलावा संयुक्त कृषि निदेशक आरएस कौशल, डीके सिंह डीडीएससी नीरज कुमार श्रीवास्तव, भूमि संरक्षण अधिकारी राष्ट्रीय जलागम प्रथम डा.रामअवतार आदि मौजूद रहे।