सीएमएस कक्ष में डॉक्टरों से पूछताछ करती सीएमओ डॉ ऊषा सिंह।
- फोटो : ORAI
उरई। जिला अस्पताल की इमरजेंसी में बच्ची की मौत के मामले की जांच करने सोमवार को सीएमओ डॉ. ऊषा सिंह अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने डॉक्टर को सीएमएस कक्ष में तलब किया। डॉक्टर से पूछताछ की और लापरवाही पर कड़ी फटकार लगाते हुए लिखित स्पष्टीकरण देने को कहा। उन्होंने डॉक्टरों की ड्यूटी लगाने वाले इंचार्ज डॉ. एके पांडेय से भी नाराजगी जताते हुए पारदर्शिता से ड्यूटी लगाने और लापरवाही के मामले देखने को कहा।
सीएमओ ने सीएमएस कक्ष में मामले में आरोपी डॉक्टर राहुल सचान से पूछताछ की। उन्होंने मामले को लेकर कहा कि उन्होंने मजदूर को बेटी को बाहर ले जाने को कहा था। हालांकि एंबुलेंस में आने को लेकर देरी हुई। उनकी बात से सीएमओ संतुष्ट नहीं हुई और उन्होंने पूरे मामले में साक्ष्य देने और लिखित स्पष्टीकरण देने को कहा।
उन्होंने डॉ एके पांडेय से भी इस बात को लेकर नाराजगी जताई कि वह जिन लोगों की भी ड्यूटी लगाए, उन्हें समझा दें कि ड्यूटी को लेकर लापरवाही न बरती जाए। आइंदा शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई होगी।
इस दौरान सीएमएस डॉ. एके सक्सेना, डॉ. आरपी सिंह, डॉ. अवनीश बनौधा भी मौजूद रहे। उधर सांसद भानुप्रताप वर्मा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि चूंकि मामले की जांच चल रही है, इसलिए वह कुछ नहीं कह सकते है। जांच के बाद विभागीय अधिकारियों से जानकारी लेंगे।