कदौरा में प्रधानमंत्री आवास के निर्माण को रुकवाते नगर पालिका ईओ सुनील कुमार सिंह
- फोटो : ORAI
कदौरा। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मोहल्ला बम्हौरी में सरकारी जमीन पर मकान निर्माण कार्य की सूचना पर पहुंचे ईओ ने कार्य को रुकवाकर लाभार्थी को जमीन खाली करने का नोटिस थमा दिया। ईओ की इस कार्रवाई से उन कई लाभर्थियों के चेहरे पर चिंता की लकीरे दिखने लगी, जिन्होंने सरकारी जमीन पर प्रधानमंत्री आवास योजना के आवास का निर्माण करा लिया है।
केंद्र सरकार गरीबों को छत मुहैया कराने के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत चयनित लाभार्थियों को दो लाख 50 हजार रुपये का अंशदान दे रही है, लेकिन कुछ लाभार्थी फर्जी तरीके से सरकारी जमीनों पर कब्जा करते आवास बना रहे हैं। इसकी बानगी कस्बा के मोहल्ला बम्हौरी में देखने को मिली। यहां लाभार्थी देवकी पत्नी लल्लू ने प्रधानमंत्री आवास योजना की किस्त मिलते ही नगर पंचायत की जमीन पर निर्माण शुरू करा दिया। मामले की सूचना मोहल्ले वालों ने पालिका ईओ को दी।
सूचना मिलते ही पालिका ईओ की अगुवाई में नगर पंचायत व पुलिस कर्मी मौके पर पहुंच गए और लाभार्थी से जमीन के अभिलेख मांगे। जब वह अभिलेख नहीं दिखा सका तो ईओ ने जमीन के अभिलेख नगर पंचायत में दिखवाए तो वह सरकारी जमीन निकली। इस पर उन्होंने तत्काल निर्माण कार्य रुकवा दिया। इस संबंध में पालिका ईओ सुनील कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिल रही है कि कुछ अन्य लाभार्थियों ने भी सरकारी जमीनों पर निर्माण करा लिए है। सभी की सूची बनाने के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित की है। साथ ही इन लाभार्थियों पर कार्रवाई के लिए अपर जिलाधिकारी व परियोजना अधिकारी डूडा को पत्र भेजा है। जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।