झांसी से आए बिजली विभाग के चीफ इंजीनियर ने शुक्रवार को विभागीय
अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें कम राजस्व वसूली पर वह भड़क गए और अभियान
चलाकर इसे बढ़ाने के निर्देश दिए। पांच से सात दिसंबर तक सघन चेकिंग
अभियान चलाते हुए बकाएदारों पर कार्रवाई करने के लिए भी कहा।
चीफ
इंजीनियर पीके जैन ने कहा कि जालौन जिले में जितनी बिजली आपूर्ति की जा रही
है, उसके सापेक्ष 50 प्रतिशत भी राजस्व वसूली नहीं हो रही है। सभी अधिकारी
राजस्व वसूली बढ़ाने में सक्रियता दिखाएं। जो विभाग के बकाएदार हैं, उनके
कनेक्शन काट दिए जाएं। बकाएदारी जमा न करने वाले अधिक से अधिक उपभेाक्ताओं
के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराएं।
कहा कि बकाएदारों पर शिकंजा कसने के लिए पांच
से सात दिसंबर तक अभियान चलाकर उनके खिलाफ कार्रवाई करें। जो बकाएदार रुपये
जमा नहीं कर रहे उनके कनेक्शन काट दें। अगर बिना रुपये जमा किए वह फिर से
कनेक्शन जुड़वाते हैं तो उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराएं। राजस्व वसूली में
लापरवाही बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अगर जिले के बिजली
उपभोक्ताओं
को सुविधा देनी है तो राजस्व वसूली बढ़ाना बहुत जरूरी है। कहा कि अभियान
के दौरान बकाएदारों के प्रति बिल्कुल भी नरमी न बरती जाए। सभी सिफारिशों को
दरकिनार करते हुए अभियान को सफल बनाएं। इस मौके पर अधीक्षण अभियंता एसएस
प्रसाद, एक्सईएन तरनवीर सिंह, शहरी क्षेत्र के एसडीओ अजय कुमार व जेई मौजूद
रहे।