उरई/कालपी/कोंच/माधौगढ़। मतदान समाप्त होने के बाद सोमवार को पूरे दिन चुनावी जीत-हार को लेकर कयासों का बाजार गर्म रहा। पार्टी कार्यालयों में प्रमुख दलों के पदाधिकारी दलीलों के साथ अपनी जीत के दावे रहे हैं तो दूसरी तरफ गली, नुक्कड़ों पर जगह-जगह जीत-हार को लेकर चर्चाएं आम हैं।
बसपा नेताओं का दावा है कि कालपी सीट पर उसके खाते में 80 हजार से ज्यादा मत पड़े हैं। इससे जीत लगभग तय है। उधर, भाजपा गठबंधन में निषाद पार्टी के नेताओं का दावा है कि भाजपा की जीत तय है। वहीं, सपा नेता अपनी जीत का दावा कर रहे हैं। कालपी सीट पर पहली बार सपा का खाता खुल गया है। सोमवार को इन दलों के समर्थक पूरे दिन जीत के दावे करते रहे। सोशल मीडिया पर जनता को धन्यवाद देते रहे। जीत-हार को लेकर कई जगह शर्तें भी लग रहीं हैं।
कोंच प्रत्याशी व समर्थक आंकड़ों की बाजीगरी से जीत का गणित समझाते नजर आए। कोंच व माधौगढ़ में सपा-बसपा में सीधी टक्कर की बात कही जा रही है। जबकि भाजपा समर्थक अपने प्रत्याशी की शत प्रतिशत जीत का दावा कर रहे हैं। उरई विधानसभा में भाजपा और सपा में टक्कर के कयास लगाए जा रहे हैं।
बसपा समर्थकों का कहना है कि उनके प्रत्याशी को आधार वोट समेत भाजपा, सपा और कांग्रेस से असंतुष्टों के भी वोट मिले हैं। इसलिए उनकी जीत सुनिश्चित है। कांग्रेस प्रत्याशी भी अपने आंकड़ों के आधार पर जीत की बात कर रही है। तीनों विधानसभा क्षेत्रों में लोग अलग-अलग ब्लाकों में फोन कर वहां का हाल जान रहे हैं। सभी अपने को जीता बता रहे हैं पर यह 10 मार्च को ही तय होगा कि अगला विधायक कौन होगा।