उरई। रोडवेज बसों के चुनाव ड्यूटी में जाने के कारण यात्री परेशान हैं। झांसी, कानपुर हो या दिल्ली के लिए यात्रियों को बसों के इंतजार में घंटों बैठना पड़ रहा है।अधिक परेशानी दिल्ली रूट वाले यात्रियों को हो रही हैं। इस रूट पर वैसे तो छह बसों का संचालन होता है पर एक ही बस चल रही है। ऐेसे में लोगों को दिन-दिन भर बसों का इंतजार करना पड़ता है। मुसीबत की बात यह है कि दिल्ली के लिए सीधी ट्रेन सेवा भी नहीं है।
विधानसभा चुनाव कराने और माघ मेले में बसों के चले जाने का सीधा असर यहां के मुसाफिरों को उठाना पड़ रहा है। उरई डिपो में 92 बस है। इसमें 44 बसें चुनाव ड्यूटी में चली गई है। हालत यह हो गई कि जहां झांसी कानपुर जाने के लिए हर आधे घंटे में यात्रियों को बस मिलती थी। अब वहां जाने के लिए घंटों बैठना पड़ रहा है। औरैया, इटावा होकर दिल्ली जाने वाली छह बसों में सिर्फ एक ही संचालित हो रही है। यही नहीं जिला प्रशासन की ओर से प्राइवेट बसों का भी अधिग्रहण चुनाव के लिए किया जा रहा है। इस कारण भी बसों की किल्लत है।
रोडवेज के एआरएम केसरीनंदन चौधरी का कहना है कि चुनाव ड्यूटी में शासन स्तर से बसें मांगी गई थी। जिसकी वजह से पहले चरण के लिए बसें चुनाव ड्यूटी के लिए भेज दी गई है। बसों की कमी से समस्या है। पर यात्रियों को परेशानी न हो, इसके लिए बसों के फेरे बढ़ाए गए है। जैसे ही बस आती है, उसे दोबारा भेज दिया जाता है। यही नहीं जो खराब बसें भी थी, उन्हें भी फिट करा दिया गया है।
-------------
गोरखपुर, लखनऊ मार्ग के लिए बसें नहीं
उरई डिपो की दो बसें गोरखपुर के लिए जाती थी। दोनों बसें चुनाव ड्यूटी में लगा दी गई है। ऐसे में सीधे गोरखपुर जाने की सेवा भी बंद हो गई है। यही हाल लखनऊ जाने वाली बसों का भी है। उरई से सीधे लखनऊ जाने के लिए भी बस नहीं मिल पा रही है। अब झांसी डिपो की एसी बस सेवा ही संचालितहै। एसी सेवा का किराया महंगा है। ऐसे में गरीब तबके के लोगों को लखनऊ गोरखपुर जाने में दिक्कत हो रही है।
--------------------
फोटो-25-आदित्य।
डेढ़ घंटे से खड़े है, नहीं आई बस
कानपुर निवासी आदित्य ने बताया कि वह जालौन रिश्तेदारी में आए थे। अब वापस कानपुर लौटना है, पिछले डेढ़ घंटे से बस अड्डे पर खड़े है लेकिन बस नहीं मिल रही है। थोड़ी देर और देखते है नहीं तो किसी डग्गामार वाहन से जाएंगे या फिर ट्रेन की व्यवस्था देखेंगे।
----------
फोटो-26-दीपक।
लखनऊ के लिए नहीं मिल रही बस
शहर के मोहल्ला बघौरा बाईपास निवासी दीपक का कहना है कि उन्हें लखनऊ जाना है। पर पता चला है कि लखनऊ के लिए बस नहीं है। पहले कानपुर जाना होगा। तब बस मिलेगी। अब परेशान है कि कानपुर से भी बस मिलेगी है या नहीं।
-----------