उरई। बैंक का कर्जा न चुका पाने से परेशान किसान ने रविवार की देर रात घर में फांसी लगा ली। सुबह जब परिजनों ने शव फंदे से लटका देखा तो चीख पुकार मच गई। इससे आसपास के लोग भी आ गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
चुर्खी थाना क्षेत्र के औंता गांव निवासी वीरपाल कुशवाहा (45) ने रविवार की रात घर के कमरे में लगे पंखे के हुक से साड़ी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली, जिससे उसकी मौत हो गई। परिजनों को जानकारी होने पर पुलिस को सूचना दी।
भाई जसवंत कुशवाहा ने पुलिस को बताया कि उसके पास एक एकड़ जमीन थी, जिस पर उसने किसान क्रेडिट कार्ड से लगभग एक लाख रुपये कर्ज लिया था। लॉकडाउन से पहले गुजरात में रहकर पानी पूरी का धंधा करता था। बैंक का कर्ज चुकाने को लेकर परेशान रहता था। वीरपाल की मौत से पत्नी माया, दो पुत्र और एक पुत्री का रो-रोकर बुरा हाल है।