कालपी। नगर के दुर्गा मंदिर के समीप एक चाय की दुकान पर एक सिपाही के शराब के नशे में लोगों के बीच रौब झाड़ने का मामला सामने आया है। वहां मौजूद लोगों ने उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। हालांकि इस वायरल वीडियो की पुष्टि संवाद न्यूज एजेंसी नहीं करता है।
बताया जा रहा है कि जैसे ही सिपाही को वीडियो बनाए जाने की भनक लगी, वह झूमता हुआ वहां से निकल गया। मौके पर मौजूद एक महिला ने आरोप लगाया कि उक्त सिपाही अक्सर शराब के नशे में लोगों को धमकाता है और जेल भेजने की बात कहकर डराता है, जिससे स्थानीय लोग परेशान हैं। वीडियो में आसपास खड़े लोग भी सिपाही की कार्यशैली पर नाराजगी जाहिर करते दिखाई दे रहे हैं। सिपाही की इस हरकत से पुलिस विभाग की छवि पर भी सवाल उठ रहे हैं और क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी अवधेश सिंह ने कहा कि वायरल वीडियो की जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।