ट्रैक्टर चालक के रोते बिलखते परिजन।
- फोटो : amar ujala
रामपुरा कस्बा निवासी दर्शन (40) पुत्र भिखारी कस्बा स्थित अनंत ईट भट्ठा का ट्रैक्टर चलाता था। शुक्रवार की शाम सात बजे ईट भट्टा से ट्राली पर ईट लादकर जा रहा था। जैसे ही उसकी ट्रैक्टर- ट्राली महूटा मंदिर के पास पहुंची तभी बेकाबू होकर पलट गई। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहां से गुजर रहे राहगीरों ने ट्रैक्टर पलटने की सूचना यूपी 100 पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के मोबाइल से घटना की सूचना भट्ठा मालिक व उसके घरवालों को दी।
पुलिस ने शव को पीएचसी पहुंचाया। जहां शनिवार की सुबह मृतक के परिजनों ने पहुंचकर अस्पताल का घेराव किया और भट्ठा मालिक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की मांग को लेकर अड़ गए। मौके पर पहुंचे तहसीलदार ने परिजनों को आश्वासन दिया। आश्वासन के बाद परिजन मान गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने बताया कि ट्रैक्टर चालक दर्शन की आर्थिक स्थिति कमजोर थी। उसके पांच छोटे-छोटे बच्चे हैं। उसकी मौत से पत्नी सीमा का रो रोकर बुरा हाल है। वह बार-बार अचेत हो जाती है। मृतक के परिजनों ने अनिल कुमार सोनी, अमित कुमार सोनी व चौकीदार पर हत्या का आरोप लगाकर पुलिस को तहरीर दी है। थाना पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।