रामपुरा। सीएचसी में सोमवार रात को आए मरीज के परिजनों ने डॉक्टर पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। मंगलवार को मरीज के भाई ने सीएचसी अधीक्षक और सीएम पोर्टल में शिकायत की है। वहीं, डॉक्टर का कहना है कि मरीज नशे में था। उन्होंने बस समझाया था।
होली मोड़ निवासी नरेश ने बताया कि वह पेट दर्द से ग्रसित भाई संतोष को लेकर सीएचसी आया था। रात में ड्यूटी पर तैनात डॉ. गोपालजी द्विवेदी ने मरीज से कहा कि तुम फिर आ गए, इलाज कराने। आरोप है कि डॉक्टर ने उसे कमरे में बुलाया और परिजनों को बाहर ही रोक दिया। इसके बाद कमरे के अंदर ले जाकर उसे थप्पड़ मारने शुरू कर दिए।
इस पर मरीज चिल्लाने लगा। परिजनों ने दरवाजा खुलवाकर डॉक्टर से मरीज के साथ मारपीट करने की वजह पूछी। इस पर डॉक्टर ने कहा कि उन्होंने मरीज को मारा नहीं है, सिर्फ समझाया है। मरीज के भाई ने डॉक्टर से कहा कि वह इसकी शिकायत करेंगे। इस पर मरीज संतोष को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। मरीज के भाई ने सीएचसी अधीक्षक और सीएम पोर्टल पर इसकी शिकायत दर्ज कराई है। डॉ. गोपालजी द्विवेदी ने बताया कि मरीज शराब का सेवन किए था। उन्होंने उससे केवल यह कहा था कि शराब पीकर अस्पताल न आया करो। उन्होंने कोई मारपीट नहीं की है। इधर, सीएचसी अधीक्षक प्रदीप राजपूत का कहना है कि शिकायत मिल गई है। जांच की जा रही है।