आटा/उरई। हाईवे पर खराब खड़े ट्रक में दूसरे ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद ट्रक सड़क किनारे खंदकमें गिरकर पलट गया। जिसमें ट्रक चालक फंस गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने चालक को केबिन से निकालकर अस्पताल पहुंचाया। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
आटा थानाक्षेत्र के झांसी कानपुर हाईवे स्थित टावर के पास बुधवार की सुबह खराब खड़े ट्रक में झांसी से गिट्टी लेेकर कानपुर जा रहे ट्रक के चालक न पीछे से टक्कर मार दी। उसके बाद ट्रक खंदक में पलट गया। जिसमें ट्रक चालक मोनू (24) निवासी छिरिया सलेमपुर जालौन काफी देर तक फंसा रहा। राहगीरों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रक में फंसे चालक को निकालकर टोल की एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना पाकर पहुंचे बदहवास परिजनों ने बताया कि मोनू चार भाई व दो बहनों मेें सबसे छोटा था। ट्रक चला कर वह परिवार का भरण पोषण करता था। उसकी मौत से पिता रामदयाल, मां कुसमा, पत्नी पूनम, दो बेटों का रो-रोकर बुरा हाल है।