पाठशाला में विचार व्यक्त करते सीओ सिटी संतोष कुमार।
- फोटो : ORAI
उरई। अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से झांसी रोड स्थित बीकेडी एल्ड्रिच स्कूल में बुधवार को पुलिस की पाठशाला का आयोजन किया गया। इसमें छात्र-छात्राओं ने मुख्य अतिथि एवं सीओ सिटी संतोष कुमार से पुलिस की कार्यप्रणाली से संबंधित सवाल किए। सीओ ने समझाया कि बच्चों को सोशल मीडिया की बुराइयों से बचकर रहना चाहिए। फेसबुक, व्हाट्सअप और ट्वीटर आदि पर काल्पनिक लोगों से किसी भी तरह के संबंध न रखें। अंजान लोगों को व्यक्तिगत जानकारी न बांटें। ऐसे लोग आपकी जानकारी का दुरुपयोग भी कर सकते हैं। इसी कड़ी में स्कूल के डायरेक्टर अजय इटौरिया ने सीओ को फाउंडेशन का प्रतीक चिह्न भी भेंट किया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने सीओ से पूछा कि कुछ अपराधी पुलिस की साठगांठ करके बच निकलते हैं, ऐसे पुलिस कर्मियों पर कोई कार्रवाई क्यों नहीं होती? इस पर सीओ ने कहा कि सरकारी विभागों में सबसे अधिक कार्रवाई पुलिस विभाग में ही होती है, इसलिए ऐसी शिकायतों पर विभागीय अधिकारी त्वरित कार्रवाई करते हैं। बच्चों ने पूछा कि कुछ पुलिस वाले रिश्वत लेकर भी काम करते हैं? इस पर सीओ ने कहा कि कहीं-कभी कोई सबूत के साथ शिकायत मिलती तो एक्शन भी होता है। बच्चों ने पूछा कि सभी पुलिस कर्मियों की वर्दी का रंग खाकी क्यों होता है, इस पर सीओ ने जवाब दिया कि वर्दी का एक रंग का होने के पीछे एकरूपता का भाव लाना होता है। जल्द ही देश के पुलिस कर्मियों की वर्दी रंग भी बदला जा सकता है, इस पर विचार चल रहा है।
छात्र-छात्राओं के सवाल जवाबों के बाद सीओ ने बच्चों से कहा कि सोशल मीडिया की अच्छाइयों को अपनाए और उनकी बुराइयों से दूर ही रहें। पापा-मम्मी को भी जागरूक करें कि कभी किसी अंजान फोन काल पर बैंक एकाउंट संबंधी कोई जानकारी कतई न दें। ऐसे फर्जी काल की शिकायत पुलिस से तत्काल करें, ताकि साइबर क्राइम करने वालों को पकड़ा जा सके। स्कूल प्रबंधन की ओर से अजय इटौरिया ने कहा कि पाठशाला के माध्यम से छात्र छात्राओं को पुलिस कार्यप्रणाली की अच्छी जानकारी मिल रही है। इस मौके पर प्रिंसिपल सीमा श्रीख्रंडे, पुरुषोत्तम पोरवाल, गोविंद सिंह, शिवम गुप्ता, महेश कुशवाहा, नीरज त्रिपाठी आदि शिक्षक मौजूद रहे।