उरई। आधा दर्जन से ज्यादा मोहल्लों की करीब तीन हजार की आबादी को मार्च के बाद लाइनों में फाल्ट से होने वाली समस्या से मुक्ति मिल जाएगी। विभाग का दावा है कि मार्च तक नई लाइन डाली जाएगी। जिससे फाल्ट नहीं होंगे। बिजली आपूर्ति पिछले साल से ज्यादा बेहतर ढंग से होगी। इसका काम शुरू हो गया है, दो महीने के अंदर इसे पूरा कर लिया जाएगा।
शहर के टाउन-एक की बिजली व्यवस्था सुधारने के लिए पांच किलोमीटर नई केबल डालने का प्रस्ताव भेजा गया था। आरडीएसएस योजना के तहत मंजूरी के बाद फरवरी में काम शुरू करते हुए उसे अप्रैल में पूरा करने के निर्देश थे। लेकिन अब इस काम को मार्च में ही पूरा करने को कहा गया है।
राजेंद्र नगर, रेलवे स्टेशन वाली गली, बर्फ वाली गली, पीएनवी बैंक वाली गली, श्यामधाम से लेकर नैना पैलेस के पीछे तक की केबल बदली जाएगी।
जेई गौरव कुमार ने बताया कि ओवर लोडिंग के कारण अक्सर फाल्ट होते थे। इस वजह से लाइन भी काफी जर्जर हो चुकी थी। जहां लाइन है, वहां कई अन्य तार भी हैं। लाइन को बदला जा रहा है, साथ ही अनावश्यक तारों को हटाकर उन्हें अलग अलग किया जा रहा है। इससे फाल्ट की समस्या से काफी हद तक निजात मिलेगी।