उरई/कालपी। संदिग्ध हालात में विवाहिता का शव फंदे पर लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को उतरवाकर जांच पड़ताल के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सूचना पाकर पहुंचे विवाहिता के मायके वालों ने पति समेत चार ससुरालियों पर अतिरिक्त दहेज की मांग करते हुए प्रताड़ित कर हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज करा दी है।
कालपी कोतवाली क्षेत्र के देवपुरा गांव निवासी किसान आलोक सिंह की 27 वर्षीय पत्नी मीना का शव सोमवार को घर के बाहर लगे नीम के पेड़ पर रस्सी से संदिग्ध हालात में लटका मिला। पुलिस ने शव को उतारकर जांच पड़ताल के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कदौरा थाना क्षेत्र के नाका गांव से आए पिता चंद्रभान ने बताया कि पुत्री की शादी वर्ष 2018 में आलोक से की थी। शादी के बाद से ही ससुराली अतिरिक्त दहेज में नकदी की मांगकर प्रताड़ित करते रहते थे। सोमवार पति ने चार ससुरालियों के साथ मिलकर मीना की पीट-पीटकर हत्या कर दी और शव को फांसी पर लटका दिया। मौत के बाद भी ससुरालियों ने उन्हें सूचना नहीं दी। जब उन्हें सूचना मिली तो वह देवपुरा पहुंचा। घर से ससुराली गायब थे और पुत्री का शव जमीन पर रखा था। मीना की मौत से उसकी दो वर्षीय पुत्री टुकटुक सहित अन्य परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने पति, सास, ससुर और नन्द पर दहेज उत्पीड़न, हत्या सहित अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।