शिक्षक ने फंदा लगाकर जान दी
परिजनों बोले विभागीय कार्रवाई होने से थे परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
कोंच। सरकारी स्कूल के शिक्षक ने घर फांसी लगा ली। परिजनों ने जब उन्हें फांसी पर लटका देखा तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को उतरवाकर जांच पड़ताल के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों ने विभागीय कार्रवाई होने से परेशान होने की बात कही है। पुलिस जांच पड़ताल में जुटी है।
नदीगांव कस्बा निवासी देवेंद्र सिंह (52) थाना क्षेत्र के राजीपुरा बसीठ गांव में स्थित प्राइमरी स्कूल में हेड मास्टर थे। मंगलवार की दोपहर उन्होंने घर के कमरे में फांसी लगा ली। मृतक के परिजनों ने पुलिस को बताया कि वह शराब के लती थे। वेतन न मिलने की वजह से परेशान रहते थे। इस बाबत खंड शिक्षा अधिकारी नदीगांव विजय बहादुर सचान ने बताया कि पिछले दिनों विद्यालय में निरीक्षण के दौरान शिथिलता मिलने पर रिपोर्ट बनाकर बेसिक शिक्षा अधिकारी के पास भेजी गई थी। जिस पर उन्होंने जांच कमेटी बनाकर पूरे मामले की जांच कराई थी। फिलहाल अभी कोई कार्रवाई नहीं हुई थी न ही वेतन रोका गया। शिक्षक की मौत से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।