उरई। हेयर कटिंग की दुकान के संचालक का शव रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला। सुबह रेलवे ट्रैक के पास से गुजर रहे लोगों ने शव पड़ा देखा तो इसकी सूचना थाना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव की पहचान कराई और मृतक के परिजनों को सूचना दी। पुलिस जांच पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
एट कस्बा के धगवां रोड निवासी दशरथ सविता का 23 वर्षीय पुत्र शिब्बू कस्बे के ही कोंच रोड पर हेयर कटिंग की दुकान किए था। सोमवार की रात वह खाना खाने के बाद वह अपने कमरे में जाकर सो गया। देर रात किसी समय चुपचाप घर से निकल गया। मंगलवार की सुबह कस्बे के बाहर रेलवे लाइन के पास लोगों ने युवक का शव पड़ा देखा। इस पर लोगों ने सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने जांच पड़ताल की।
इसके बाद मृतक की शिनाख्त कराई। पहचान होने पर पुलिस ने परिजनों को इसकी सूचना दी। सूचना पाकर बदहवाश परिजन मौके पर पहुंच गए। वहीं बताया कि प्रथम दृष्टया मामला ट्रेन से कटने का लग रहा है। परिजन युवक की खुदकुशी को लेकर कुछ भी नहीं बता रहे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।