उरई/माधौगढ़। जिले के 142 परिषदीय स्कूलों के ऊपर करंट का खतरा मंडरा रहा है। कई स्कूलों के ऊपर से एचटी लाइन गुजरी है तो कहीं बिजली के खंभे लगे हैं। शिक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि कई बार इसकी शिकायत दर्ज करा चुके हैं अभी तक कोई सुनवाई नहीं हुई है।
सीडीओ डॉ. अभय कुमार श्रीवास्तव ने बुधवार को बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता खंड प्रथम और द्वितीय को पत्र जारी कर निर्देश दिए कि स्कूलों के ऊपर से गुजरी बिजली की एचटी लाइन को अन्य जगह शिफ्ट किया जाए। उन्होंने विद्यालयों की सूची देकर अभियंताओं को निर्देशित किया कि एस्टीमेट बनाकर एक हफ्ते के अंदर उपलब्ध कराएं।
माधौगढ़ संवाद के अनुसार, ब्लाक क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय रसूलपुर, कंपोजिट राजपुरा, प्राथमिक विद्यालय खुदातपुरा, धमना में एचटी लाइन विद्यालय के ऊपर से निकली है। वही कंपोजिट सिरसा दोगढ़ी में खंभा लगा है। प्राथमिक विद्यालय सुल्तानपुरा, तजपुरा अव्वल, गीधन की खोड़, कंपोजिट विद्यालय जमरेही अव्वल, उच्च प्राथमिक विद्यालय हैदलपुरा के परिसरों में खंभे लगे हैं। कन्या प्राथमिक विद्यालय धमना, प्राथमिक विद्यालय सुरावली, कुंवरपुरा, लक्ष्मणपुरा, उच्च प्राथमिक विद्यालय अकबरपुरा के नजदीक से एचटी लाइन निकली है। जिससे हमेशा खतरा बना रहता है।
इन स्कूलों से गुजरी एचटी लाइन
ब्लाक का नाम स्कूलों की संख्या
डकोर 13
जालौन 07
कोंच 29
कदौरा 26
कुठौंद 16
महेबा 16
माधौगढ़ 25
रामपुरा 03
नदीगांव 05
उरई नगर 01
कोंच नगर 01
जिले में 142 स्कूलों के आसपास से एचटी लाइन निकली है। इसकी सूची बिजली विभाग को भेज दी गई है। एचटी लाइन हटवाने के लिए लगातार पत्राचार किया जा रहा है। शिक्षकों से भी कहा गया है कि करंट से बचाव के उपाय करें।
सौरभ पांडेय, जिला समन्वयक निर्माण, बेसिक शिक्षा परिषद