मुहम्मदाबाद। पति से नाराज होकर राजस्थान के चुरू से निकली महिला शनिवार रात बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पहुंच गई। डकोर पुलिस ने संवेदनशीलता दिखाते हुए महिला को समझाया और रविवार को उसे पति के सुपुर्द कर दिया।
डकोर पुलिस को शनिवार की देर रात सूचना मिली कि एक महिला बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के नीचे गुमसुम बैठी है। इस पर कोतवाली पुलिस वहां पहुंची। पुलिस की पूछताछ में महिला ने बताया कि उसका नाम सूर्यकली (20) है। पति का नाम राकेश है। ससुराल राजस्थान के चुरू जिले के बिंदासर कस्बे में है। उसका मायका मिर्जापुर है।
पति से कहासुनी के चलते वह बिना किसी को बताए गुस्से में घर से निकल आई थी। ट्रक से लिफ्ट लेकर जालौन तक पहुंच गई। डकोर पुलिस ने पूरी संवेदनशीलता दिखाते हुए महिला को सुरक्षित थाने लाई और परिजनों को सूचना दी। महिला के पति राकेश से फोन से संपर्क किया गया। रविवार को राकेश डकोर कोतवाली पहुंचा और अपनी पत्नी को साथ सकुशल घर ले गया।