कैलिया थाना क्षेत्र के ग्राम देवगांव निवासी कमलेश पुत्र मंगल सिंह सुबह लगभग साढ़े ग्यारह बजे गल्ला मंडी स्थित इलाहाबाद बैंक शाखा गया था जहां से उसने पिता की पेंशन का 27 हजार रुपये चेक से निकाले। बैंक ने उसे दो गड्डियां सौ के नोटों कीं, एक गड्डी पचास तथा एक गड्डी बीस के नोटों की भुगतान में दी। चूंकि नोट छोटी शक्ल में थे लिहाजा कमलेश ने उन्हें एक थैले में डाल लिए और उसी में चेक बुक भी डाल ली।
वहां से चल कर कमलेश मारकंडेयश्वर तिराहे पर पहुंचा। भीषण गर्मी के कारण उसे प्यास लगी थी लिहाजा उसने बाइक एक चाट की दुकान के सामने खड़ी कर दी और दुकान के अंदर पानी पीने चला गया। पानी पीकर जब वह लौटा तो देखा कि उसका नोटों से भरा थैला गायब था। काफी खोजबीन के बाद भी जब थैला नहीं मिला तो उसने कोतवाली में तहरीर दे दी है। पुलिस का कहना है कि चोरों की तलाश की जा रही है।