घटनास्थल पर क्षतिग्रस्त बाइक।
- फोटो : amar ujala
जालौन नगर के मोहल्ला चिमनदुबे निवासी इरफान (55) पुत्र इकबाल सोमवार की सुबह बाइक से अपने भतीजे गुलफाम (26) पुत्र नसीम निवासी पुखराया कानपुर देहात के साथ मध्य प्रदेश के भिंड जिला के कस्बा लहार रिश्तेदारी में जा रहे थे। वह लोग जब माधौगढ़ कोतवाली क्षेत्र के बंगरा भिंड मार्ग पर पहुंचे तो गड़ेरना मोड़ के पास पहुंचते ही सामने से आ रहे मौरंग लदे ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह दोनों उछल कर सड़क किनारे खंती में जा गिरे। उनकी बाइक को कुचलते हुए चालक ट्रक लेकर भाग निकला। उधर खंती में गिरते समय सिर पेड़ से टकराए।
हेलमेट न लगाए होने से सिर में गहरी चोटें आईं थी। राहगीरों ने दोनों को खंती से बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने एंबुलेंस बुलाकर दोनों को सीएचसी भेजा, जहां चिकित्सक ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। उनकी मौत की खबर जब घर पहुंची तो कोहराम मच गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बता दें कि अगले माह गुलफाम की इरफान की बेटी से शादी होने वाली थी और वह दोनों ससुर दामाद बनने वाले थे, लेकिन इस हादसे ने दोनों की खुशियां मौत में तब्दील कर दीं।