कांशीराम कॉलोनी में हुई मौत के बाद जांच करती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
नगर के घुसिया रोड स्थित कांशीराम कॉलोनी में बने नलकूप की कोठी के बाहर रविवार की सुबह अधेड़ की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। मरने वाले के पास कांशीराम कालोनी में अपना घर था लेकिन वह उक्त नलकूप में ऑपरेटर था और वहीं सोता था। शनिवार की रात भी वह कोठी की छत पर सोया था लेकिन सुबह उसकी लाश नीचे मिली। पुलिस के मुताबिक
वह शराब के नशे में था। रात में उठा होगा लेकिन संतुलन कायम नहीं रख पाने के कारण नीचे आ गिरा और उसकी मौत हो गई। कांशीराम कॉलोनी के ब्लॉक संख्या 18 के मकान संख्या 6 में सतोह गांव का मूल निवासी पप्पू धोबी पुत्र कढोरे धोबी अपने परिवार सहित रहता था। जन्माष्टमी पर उसकी पत्नी अपने मायके नागपुर गई हुई थी। पप्पू कॉलोनी की वाटर
सप्लाई करने वाले नलकूप पर बतौर प्राइवेट ऑपरेटर काम करता था और रात में नलकूप की ही कोठी में सो जाता था। शनिवार रात भी रोज की तरह वह अंदर से कोठी की कुंडी बंद करके छत पर जाकर सो गया। सुबह जब लोगों के घरों में पानी नहीं आया तो वे नलकूप पर पहुंचे। वहां पप्पू कोठी के पिछवाड़े औंधे मुंह कीचड़ में मरा पड़ा था। लोगों की सूचना पर
एसएसआई अजयकुमार सिंह, चौकी इंचार्ज संजीव यादव मौके पर पहुंचे। जरूरी लिखा पढ़ी के बाद लाश पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दी। मृतक की मां गुलाबरानी भी मौके पर पहुंची और उन्होंने बेटे की हत्या होने की बात कही। उसने पंचायतनामा पर भी दस्तखत करने से मना कर दिया था। अन्य लोगों से पंचायतनामा पर हस्ताक्षर करा कर पुलिस ने वहां से बॉडी
हटवाई। एफआईआर के लिये तहरीर भी नलकूप विभाग से जुड़े ब्रजमोहन कुशवाहा से ली गई। मामले को प्रथम दृष्टया पुलिस शराब के नशे में हुआ हादसा मान रही ह। कोतवाल मनवीर सिंह का कहना है कि लाश के शरीर पर किसी भी प्रकार के घाव आदि नहीं पाए गए हैं। मामला कुछ और है भी तो पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा।